समस्तीपुर के धरमपुर में BJP अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा अटल बिहारी वाजपेई सम्मान समारोह आयोजित

समस्तीपुर : भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, बिहार प्रदेश की ओर से रविवार को शहर के धर्मपुर मोहल्ला स्थित चकनूर रोड के आशियाना अपार्टमेंट हॉल में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश नेता मोहम्मद फैसल ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के महिला-पुरुषों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य तुफैल अहमद खान ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई ने अपने कार्यकाल में सभी समुदायों को समान सम्मान देने का काम किया। उन्होंने कहा कि धर्मपुर जैसे क्षेत्र में इस तरह का आयोजन होना गर्व की बात है और इसकी जानकारी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की भावना के साथ सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय की भागीदारी इस विश्वास का प्रमाण है।


इस अवसर पर आयोजकों की ओर से मुख्य अतिथि तुफैल अहमद खान को मिथिला पाग और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं अल्पसंख्यक महिलाओं ने उन्हें शॉल और माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश नेता मोहम्मद फैसल ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास और खुशहाली की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है।
समारोह के दौरान अल्पसंख्यक महिलाओं के बीच साड़ियों का वितरण किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई लोगों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मोहम्मद नौशाद अहमद, रोमन अहमद साबरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहम्मद सिकंदर आलम, मोहम्मद नसीम, मौलाना मंजूर अहमद, आमिर अहमद, शिक्षक मनीष कुमार, एस.एम. सिद्दीकी, शमशाद आलम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।





