साइबर ठगी से बचाव के लिए छात्रों को किया जागरूक, RSB इंटर स्कूल में कार्यशाला आयोजित

समस्तीपुर : डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को आरएसबी इंटर स्कूल में एक दिवसीय साइबर अपराध जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्घाटन डीएम रोशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं का उपयोग करते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है। छोटी-सी लापरवाही आर्थिक और व्यक्तिगत नुकसान का कारण बन सकती है।
साइबर ठगी से बचाव के लिए छात्रों को किया जागरूक, RSB इंटर स्कूल में कार्यशाला आयोजित, समस्तीपुर डीएम-एसपी रहें मौजूद pic.twitter.com/zz5HhdyEnR
— Samastipur Town (@samastipurtown) July 23, 2026
उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल, ई-मेल या संदेश पर बिना सत्यापन प्रतिक्रिया नहीं देने की अपील की। साथ ही युवाओं से साइबर सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी निवेश योजना, ओटीपी और केवाईसी के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कस्टमर केयर और क्यूआर कोड फ्रॉड जैसे मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाता या एटीएम कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करें।


साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।कार्यशाला में साइबर विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों ने मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन, सोशल मीडिया सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों के सवालों का जवाब भी विशेषज्ञों ने दिया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता, साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक, विद्यालय के प्राचार्य ललित घोष, अन्य शिक्षक, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी, साइबर सेल के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





