बच्चों को दी गई पाॅक्सो अधिनियम और बाल अधिकारों की जानकारी, लगुनियां सूर्यकंठ स्कूल में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

समस्तीपुर : उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लगुनिया सूर्यकंठ में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर के तत्वावधान में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय स्कूल जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पाॅक्सो), 2012, बाल अधिकारों और उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष शिव शंभू कुमार ने की। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में किशोर न्यायालय, समस्तीपुर के सदस्य निर्भय कुमार सिंह, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष रंजू कुमारी और पैनल अधिवक्ता रूपम जायसवाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ बाल संसद की प्रधानमंत्री अन्नू प्रिया ने किया। उन्होंने कार्यक्रम का संचालन भी किया, जबकि चंदन कुमार ने स्वागत भाषण दिया।

मुख्य वक्ता निर्भय कुमार सिंह ने बच्चों को पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए गुड टच-बैड टच, बच्चों के अधिकार, ऑनलाइन सुरक्षा और बाल संरक्षण के उपायों के बारे में बताया। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 के उपयोग की जानकारी भी दी। पैनल अधिवक्ता रूपम जायसवाल ने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के साथ यौन अपराध गंभीर दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में अपराध की प्रकृति के अनुसार कठोर सजा का प्रावधान है। वहीं, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष रंजू कुमारी ने कहा कि पीड़ित बच्चे की पहचान गोपनीय रखी जाती है। बच्चों के साथ किसी प्रकार की गलत घटना होने पर उन्हें डरने के बजाय भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने बाल संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य दिनेश कुमार शर्मा, प्रधानाध्यापक सौरभ कुमार, शिक्षक अजय गुप्ता, सत्येंद्र प्रसाद, नजरुल हसन, पूनम सिन्हा, बबिता कुमारी, रेखा कुमारी, वंदना शर्मा और सुषमा सुरेंद्र सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक सौरभ कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन ‘बच्चों की सुरक्षा-हमारी जिम्मेदारी, बाल संरक्षण हमारा संकल्प’ के नारे के साथ हुआ।



