समस्तीपुर में स्टेशन के पास झाड़ियों में मिली नाबालिग, दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, वृंदावन से बहला-फुसला कर लाया था

समस्तीपुर : राजकीय रेल थाना की पुलिस व आरपीएफ ने पॉक्सो एक्ट के एक मामले में कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुक्तापुर निवासी सुधीर कुमार राम को गिरफ्तार किया है।इस बाबत रेल थानाध्यक्ष बीरबल कुमार ने बताया कि आरोपी पर रामभद्रपुर रेलवे स्टेशन परिसर के झाड़ी में एक नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप है। उन्होंने बताया कि पीड़िता उत्तर प्रदेश के वृंदावन की रहने वाली है और वह स्टेशन परिसर में यात्रियों से सहायता मांग कर अपना जीवन यापन करती थी। आरोपी भी स्टेशन पर ही लोगों से मांगने का करता था और जांच के दौरान दोनों के बीच पहले से जान पहचान की बात भी सामने आयी है।

गुरुवार की देर रात स्टेशन के पास झाड़ी में दोनों को देखे जाने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना आरपीएफ और रेल पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अपने कब्जे में लिया। पीड़िता के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया। वहीं पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं शुक्रवार को एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किया और संबंधित अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।




