8 वर्षों बाद सुलझा आंगनबाड़ी सेविका चयन का मामला, खुशबू कुमारी के चयन पर लगी मुहर

समस्तीपुर/खानपुर : समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड अंतर्गत दिनमनपुर उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-189 के लिए सेविका चयन की प्रक्रिया आखिरकार आठ वर्षों बाद पूरी हो गई। बुधवार को प्राथमिक विद्यालय मोदी टोल चनराहा के प्रांगण में सेविका चयन को लेकर आमसभा आयोजित की गई, जिसमें मेधा सूची के आधार पर क्रमांक-1 पर अंकित आवेदिका खुशबू कुमारी के चयन की संपुष्टि की गई।
खानपुर प्रखंड के महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला पर्यवेक्षक सुमन कुमारी ने विभागीय नियमों एवं मेधा सूची के अनुसार खुशबू कुमारी के चयन की आधिकारिक पुष्टि की।
जानकारी के अनुसार, इस केंद्र पर सेविका चयन का मामला पिछले आठ वर्षों से लंबित था। इस संबंध में जिला प्रोग्राम न्यायालय के आदेश ज्ञापांक-825, दिनांक 14 मई 2026 के आलोक में चयन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में महिला पर्यवेक्षक सुमन कुमारी की उपस्थिति तथा पुलिस बल की निगरानी में आमसभा आयोजित कर चयन प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

हालांकि, आमसभा के दौरान वार्ड सदस्य रिंकू देवी ने आमसभा पंजी पर हस्ताक्षर नहीं किए। ग्रामीणों का आरोप है कि वार्ड सदस्य अपनी गोतनी दीपा कुमारी को सेविका पद पर चयनित कराना चाहती थीं, जबकि मेधा सूची में दीपा कुमारी का नाम दूसरे स्थान पर दर्ज है। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय नियमों के अनुसार प्रथम स्थान पर रहने वाली अभ्यर्थी का चयन होना था, लेकिन वार्ड सदस्य अपनी रिश्तेदार की नियुक्ति कराने के उद्देश्य से आमसभा पंजी पर हस्ताक्षर करने से इंकार कर रही थीं। फिलहाल, विभाग द्वारा मेधा सूची के अनुसार खुशबू कुमारी के चयन की संपुष्टि कर दिए जाने से आठ वर्षों से लंबित यह मामला समाप्त हो गया है और ग्रामीणों में संतोष का माहौल है।




