ओवरब्रिज मरम्मत कार्य को लेकर निजी स्कूलों के प्राचार्यों के साथ SDO ने की बैठक

समस्तीपुर : ओवरब्रिज पर चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) दिलीप कुमार ने बुधवार को अनुमंडल कार्यालय सभाकक्ष में निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक की।
बैठक में ओवरब्रिज मरम्मत के कारण उत्पन्न होने वाली अस्थायी यातायात समस्याओं के समाधान, छात्रों एवं आम नागरिकों को होने वाली असुविधा को कम करने तथा विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

एसडीओ ने सभी विद्यालय प्रबंधन से अपील की कि वे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को वैकल्पिक मार्ग, विद्यालय के समय एवं यातायात संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों की समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि मरम्मत कार्य के दौरान भी शहर की यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रहे और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो।

बैठक में विद्यालय वाहनों के संचालन, विद्यार्थियों की सुरक्षा, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में समन्वय स्थापित करने तथा यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान सभी निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। एसडीओ ने कहा कि जनसहयोग एवं प्रशासनिक समन्वय से इस अस्थायी चुनौती का सफलतापूर्वक समाधान किया जाएगा तथा आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।


