घर से 40 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ कारोबारी गिरफ्तार, पुलिस ने गिरफ्तार कारोबारी को न्यायिक हिरासत में भेजा

समस्तीपुर: मुफस्सिल थाने की पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जितवारपुर बुल्लेचक निवासी अवधेश राय के पुत्र समीर प्रकाश आनंद उर्फ शुभम के रूप में हुई है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी ने ब्राउन शुगर की खेप मंगाकर अपने घर में छिपा रखी है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 40 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसके बाद कारोबारी युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से हुई और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।



