समस्तीपुर में सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, कल रविवार को 15 केंद्रों पर होगी लिखित परीक्षा

समस्तीपुर : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) बिहार पुलिस दूरसंचार तथा सिपाही चालक पदों पर नियुक्ति के लिए रविवार को आयोजित होने वाले परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर रविवार को एकल पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी परीक्षार्थियों को समय से अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना अनिवार्य होगा, इसके लिये 10 बजे रिपोर्टिंग टाइम रखा गया है। वहीं सुबह 11 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए विधि महाविद्यालय, आरएसबी इंटर विद्यालय, बालिका उच्च विद्यालय घोषलेन, तिरहुत एकेडमी, मोडेल इंटर विद्यालय, गोल्फ फिल्ड रेलवे कालोनी उच्च माध्यमिक विद्यालय, उत्क्रमित उच्च विद्यालय धुरलख, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय शंभुपट्टी, उच्च माध्यमिक विद्यालय सारी, मध्य विद्यालय जितवारपुर, श्रीकृष्णा उच्च विद्यालय जितवारपुर, उत्क्रमित उच्च विद्यालय वासुदेवपुर, प्रभावती राम दुलारी इंटर स्कूल कर्पूरीग्राम, जगदेव उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय आधारपुर, श्री सुंदर उच्च विद्यालय मुक्तापुर को केंद्र बनाया गया है। 6360 पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए केंद्र का निर्धारण किया गया है।

परीक्षा एक चरण में आयोजित होगी। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होगा। इस दौरान अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं रहेगी। जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय का पालन करने और परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा का संचालन निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, पंखा, शौचालय, बैठने की व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। प्रश्नपत्र एवं ओएमआर शीट की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं तथा संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम :
परीक्षा को पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जोनल और उड़नदस्ता दल भी लगातार निगरानी करेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी से लाइव मॉनिटरिंग, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था की गई है। मोबाइल नेटवर्क को नियंत्रित करने के लिए जैमर भी लगाए जाएंगे। अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सघन तलाशी ली जाएगी। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही सभी केंद्रों के 500 गज के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू रहेगी।



