समस्तीपुर के मजदूर की रांची में सड़क दुर्घटना में हुई मौ’त, गांव में परिजनों में मचा कोहराम
समस्तीपुर/विभूतिपुर : समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एक मजदूर की झारखंड की राजधानी रांची में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद मृतक के गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, मृतक विभूतिपुर थाना क्षेत्र के महथी दक्षिण वार्ड 14, मोहनपुर निवासी स्व. शिवनारायण महतो के पुत्र अशोक कुमार (40 वर्ष) बताया जाता है। अशोक अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए रांची में रहकर मजदूरी करता था।
बुधवार को वह रोजाना की तरह काम पर जा रहा था, इसी दौरान वह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया और शुक्रवार उसकी मौत हो गई।अशोक अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों में चीत्कार मच गई। मृतक की वृद्ध माता उर्मिला देवी और पत्नी रिंकू देवी चीत्कार मारकर बेसुध हो रही है। अशोक अपने पीछे तीन पुत्रियां मुस्कान, काजल, तनिषा और दो पुत्र यश कुमार व खुश राज कुमार है। पिता की अचानक मौत से इन पांचों मासूम बच्चों के सिर से साया हमेशा के लिए उठ गया है। वही परिजन समाचार लिखे जाने तक लाश आने की इंतजार कर रहे थे। देर रात्रि तक लाश आने की संभावना है।

