संसदीय कार्य समिति की बैठक में रेल सुविधाओं के विस्तार की उठी मांग; डॉ. तरुण कुमार चौधरी ने इंटरसिटी ट्रेन, नई रेल लाइन, स्टेशन विकास समेत कई मुद्दे रखे

समस्तीपुर : समस्तीपुर रेल मंडल की संसदीय कार्य समिति की बैठक में उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र सहित आसपास के हजारों रेल यात्रियों की समस्याओं और जनभावनाओं को प्रमुखता से उठाया गया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं उजियारपुर सांसद नित्यानंद राय के प्रतिनिधि के रूप में एमएलसी डॉ. तरुण कुमार चौधरी ने क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं के विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें समिति के समक्ष रखीं।
बैठक में उनके द्वारा खगड़िया–सिंधियाघाट–समस्तीपुर–पटना इंटरसिटी ट्रेन के परिचालन की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही सिंधियाघाट, भगवानपुर देसुआ एवं अंगारघाट रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म का ऊँचाईकरण, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, यात्री शेड निर्माण तथा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण की मांग भी रखी गई। इसके अतिरिक्त जयनगर से गया के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू करने, दलसिंहसराय रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 94803 नमो भारत के ठहराव, समस्तीपुर एवं सिंघियाघाट स्टेशन पर विशाल तिरंगा स्थापना तथा समस्तीपुर कारखाना गेट पर 24 घंटे टिकट काउंटर संचालन की मांग भी समिति के समक्ष रखी गई।

बैठक में प्रस्तावित कर्पूरीग्राम–ताजपुर–महुआ–हाजीपुर नई रेल लाइन परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने, समस्तीपुर से नई दिल्ली एवं कोलकाता के लिए नई सुपरफास्ट ट्रेन चलाने तथा समस्तीपुर अटेरन चौक पर छोटे ओवरब्रिज के निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। डॉ. तरुण कुमार चौधरी ने कहा कि हमारा उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़े सभी मुद्दों पर रेल प्रशासन ने सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया है। बैठक में रेल यात्रियों की समस्याओं के समाधान और रेल अवसंरचना के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इससे क्षेत्र के लोगों में बेहतर रेल सुविधाओं की उम्मीद जगी है।




