वैभव सूर्यवंशी के बाद अब छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी का जलवा, जड़ा शानदार शतक; पिता ने कहा था दो साल में इसे भी कर लेंगे तैयार

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की दुनिया में अपनी प्रतिभा से सुर्खियां बटोर रहे समस्तीपुर के ताजपुर निवासी धमाकेदार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के परिवार से एक और उभरते खिलाड़ी ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। वैभव के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने समस्तीपुर में आयोजित एक अभ्यास मुकाबले में शानदार शतकीय पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
आशीर्वाद ने 87 गेंदों में 103 रन बनाए। उनकी पारी में 20 आकर्षक चौके और एक छक्का शामिल है। उनकी दमदार पारी की बदौलत टीम ने 29.5 ओवर में 234 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हालांकि शतक पूरा करने के बाद आशीर्वाद बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आयुष सिंह के हाथों कैच आउट हो गए। उन्हें प्रशांत राज ने अपना शिकार बनाया।

आशीर्वाद के पहले शतक की खुशी परिवार में साफ दिखाई दी। उनके पिता संजीव सूर्यवंशी और बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें, वीडियो और स्कोरकार्ड साझा कर इस उपलब्धि की जानकारी दी। पोस्ट के माध्यम से उन्होंने युवा बल्लेबाज को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

गौरतलब है कि विगत हफ्ते ही इंटरव्यू में पिता संजीव सूर्यवंशी ने कहा था कि वह आशीर्वाद को भी उच्च स्तर का क्रिकेटर बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। आने वाले दो साल में उसे भी वह तैयार कर लेंगे। अब मैदान पर मिली इस सफलता को उनके सपने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि यदि आशीर्वाद इसी तरह प्रदर्शन करते रहे तो आने वाले वर्षों में वे भी अपने बड़े भाई की तरह पहचान बना सकते हैं।
यहां देखें वीडियों :


