विद्यापतिनगर में करंट लगने से मां-बेटे की दर्दनाक मौ’त, चतरा गांव में पसरा मातम

समस्तीपुर/विद्यापतिनगर [पद्माकर सिंह लाला] : विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र की बढ़ौना पंचायत अंतर्गत चतरा गांव में शुक्रवार की मध्य रात्रि एक हृदयविदारक हादसे में मां-बेटे की विद्युत स्पर्शाघात से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि पंखे में विद्युत प्रवाहित हो रही थी और उसके संपर्क में आने से घर में सो रहे मां-बेटे को जोरदार करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। स्वजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद आनन-फानन में दोनों को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए ले जाने की तैयारी की गई, परंतु उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम पुत्र और मां की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं मां-बेटे की एक साथ हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार चतरा गांव के वार्ड संख्या-15 निवासी कन्हैया पासवान की पत्नी रंगीला देवी (24 वर्ष) अपने छह वर्षीय पुत्र रतन कुमार के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान उनके पास रखा स्टैंड पंखा अचानक गिर पड़ा।

बताया जाता है कि पंखे में विद्युत प्रवाहित हो रही थी। पंखा गिरते ही रंगीला देवी उसकी चपेट में आ गईं। कुछ ही क्षणों में मां-बेटे की जिंदगी खत्म हो गई। रात में चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तब तक दोनों अचेत हो चुके थे। उधर घटना के बाद स्वजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो उठा। छह वर्षीय मासूम रतन की असमय मौत ने सभी को भावुक कर दिया है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता एवं मुआवजा देने की मांग की है।
यहां देखें वीडियों :
करंट लगने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत: विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र की बढ़ौना पंचायत अंतर्गत चतरा गांव में शुक्रवार की मध्य रात्रि हुआ हृदयविदारक हादसा#Samastipur #Vidyapatinagar pic.twitter.com/118UTNsnoY
— Samastipur Town (@samastipurtown) June 13, 2026




