मुसरीघरारी में ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी व बेटे को कुचला, हादसे में मां और बेटे की मौ’त, पिता गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के अकलू चौक स्थित एनएच-28 पर गुरुवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला के पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार पूसा थाना क्षेत्र के हरपुर महमद्दा गांव निवासी दीपक पोद्दार अपनी पत्नी उपासना पोद्दार और पुत्र आर्यन पोद्दार के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान अकलू चौक के समीप पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार ठोकर मार दी।
ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रक की चपेट में आ गए। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने में सफल रहा। दुर्घटना में 35 वर्षीय उपासना पोद्दार तथा उनके 15 वर्षीय पुत्र आर्यन पोद्दार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे 38 वर्षीय दीपक पोद्दार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 की टीम और मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घायल दीपक पोद्दार को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीं मृत मां-बेटे के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया। मुसरीघरारी थाने की पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।




