समस्तीपुर : छत ढलाई के दौरान पड़ोसी की तरफ सीमेंट-बालू गिरने के विवाद में हुई मारपीट में महिला समेत तीन लोग घायल

समस्तीपुर/शिवाजीनगर : शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के दहियार रन्ना पंचायत के रन्ना गांव वार्ड संख्या-16 में सीढ़ी घर की छत ढलाई के दौरान सीमेंट और बालू पड़ोसी हिस्से में गिरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों पर लोहे की रॉड, लाठी और डंडे से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायलों में एक महिला भी शामिल हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर में कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर किया गया था। घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।
घायलों की पहचान रन्ना गांव के स्वर्गीय रामप्रसाद मंडल के पुत्र रामकुमार, उनके भाई गौरीशंकर कुमार तथा उनकी मां दायमुनि देवी के रूप में हुई है। वहीं घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी नानी सावित्री देवी को भी चोट लगने की बात सामने आई है। बताया गया है कि परिवार के लोग अपने मकान के ऊपर सीढ़ी घर की छत ढलाई का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान निर्माण कार्य में प्रयुक्त सीमेंट और बालू का मसाला पड़ोसी हिस्से में गिरने लगा, जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया। घटना के संबंध में रामकुमार ने शिवाजीनगर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पड़ोसी विनोद मंडल के पुत्र आशुतोष कुमार, शिवरंजन कुमार तथा कैलाश मंडल द्वारा पूर्व में ही 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की गई थी। और पैसा नहीं देने पर छत ढलाई नहीं होने देने की धमकी दी गई थी। आवेदन के अनुसार 31 मई की दोपहर करीब दो बजे जब मजदूर और मिस्त्री छत पर सीढ़ी की दीवार जोड़ रहे थे, तभी आशुतोष कुमार के आंगन में मसाला गिरने का बहाना बनाकर महाकाल ग्रुप के करीब दस युवक लाठी, डंडा और लोहे की रॉड लेकर घर पर चढ़ आए। इधर थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि दोनों तरफ से आवेदन प्राप्त हुआ है प्राथमिक की दर्ज कर ली गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।




