2 जून को समस्तीपुर जिले के 49 स्थानों पर लगेंगे सहयोग शिविर, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की

समस्तीपुर : जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में 2 जून को आयोजित होने वाले 49 सहयोग शिविरों की तैयारियों को लेकर डीएम रोशन कुशवाहा ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि सहयोग शिविर में आने वाले प्रत्येक परिवादी को उनके द्वारा दिए गए आवेदनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से 30 दिन पूर्व तक प्राप्त सभी आवेदनों के निष्पादन की स्थिति से संबंधित लोगों को अवगत कराया जाएगा। जिन मामलों का निष्पादन हो चुका है, उसकी जानकारी भी पारदर्शी तरीके से दी जाएगी। डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक अभिलेखों एवं अद्यतन विवरणियों के साथ शिविर में उपस्थित रहने का निर्देश दिया, ताकि प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनके निकटतम स्तर पर करना तथा प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सुलभ और जवाबदेह बनाना है। बैठक में डीएम ने वरीय अधिकारियों को लंबित मामलों की समीक्षा करने और कार्यों के निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों की पहचान कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों का निष्पादन नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने सभी अधिकारियों को सहयोग शिविर के आयोजन को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संपादित करने तथा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



