समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

बड़ी खबर : समस्तीपुर में ATM तोड़कर 18 लाख रुपये उड़ाए, CCTV का DVR भी ले गए बदमाश, SP ने क्या कुछ कहा !

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के चकलालशाही चौक पर थाना के पुराने भवन के समीप स्थित इंडिया वन एटीएम को निशाना बनाकर बदमाशों ने करीब 18 लाख रुपये उड़ा लिए। रविवार की अहले सुबह बदमाशों ने एटीएम मशीन के पिछले हिस्से को तोड़कर उसमें रखी नगदी निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को भी अपने साथ ले गए, ताकि घटनास्थल पर रिकॉर्ड हुए फुटेज पुलिस के हाथ नहीं लग सकें। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। एटीएम के पीछे की ओर से मशीन को तोड़कर नगदी निकाली गई। इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को एटीएम मशीन की बनावट और उसके तकनीकी पहलुओं की पहले से जानकारी थी। घटना के तरीके को देखते हुए पुलिस इसे शातिर अपराधियों की करतूत मानकर जांच कर रही है। हालांकि, वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान और उनकी संख्या के संबंध में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

file 0000000024b48211aa752e89fc9a15de

एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को एटीएम मशीन की तकनीकी जानकारी होने की आशंका है। एटीएम में सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात नहीं था। उन्होंने घटना में स्थानीय स्तर पर किसी लाइनर की भूमिका होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एसपी ने बताया कि एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल मुंबई से संचालित होता है। ऐसे में बैंक और संबंधित एजेंसी के कर्मियों से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है। मुंबई से सीसीटीवी का स्टोरेज फुटेज मंगाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले और बाद में एटीएम के आसपास कौन-कौन लोग सक्रिय थे। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। एसपी ने जल्द ही घटना का उद्भेदन करने की उम्मीद जताई है।

IMG 20240904 WA0139

छह महीने पहले मोहनपुर रोड के एटीएम से उड़ाए थे 2.11 लाख :

जिले में एटीएम तोड़कर नगदी चोरी करने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी बदमाश जिले में एटीएम मशीनों को निशाना बना चुके हैं। इसी वर्ष 23 अप्रैल को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर रोड स्थित केनरा बैंक के एटीएम को बदमाशों ने निशाना बनाया था। उस घटना में बदमाशों ने गैस कटर से एटीएम मशीन को काटकर करीब 2.11 लाख रुपये निकाल लिए थे। इसके बाद वे स्कॉर्पियो से फरार हो गए थे। मोहनपुर रोड की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इसके बावजूद करीब छह महीने बीत जाने के बाद भी मामले का उद्भेदन नहीं हो सका है। अब तक न तो किसी आरोपित की गिरफ्तारी हो पाई है और न ही चोरी की गई राशि की बरामदगी हुई है।

FB ADD scaled

बयान :

एटीएम की तकनीकी जानकारी रखने वाले शातिर बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। इसमें लोकल लाइनर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एटीएम का सीसीटीवी फुटेज मुंबई से मंगाया जा रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा। मामला दर्ज कर जांच किया जा रहा है।

– अरविंद प्रताप सिंह, एसपी, समस्तीपुर

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150