ग्रामीण क्षेत्र में रक्तदान की अलख, बेलारी गांव में 38 रक्तवीरों ने किया डोनेशन

समस्तीपुर : सनातन रक्तदान समूह की बेलारी इकाई के तत्वावधान में उजियारपुर प्रखंड के बेलारी गांव में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 38 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। शहरी आबादी से दूर ग्रामीण क्षेत्र बेलारी में ग्रामवासियों के सहयोग तथा नियमित रक्तवीर अभय सिंह, सत्य प्रकाश मौर्य, अभिजीत चिंटू एवं जीत बहादुर सिंह की जागरूकता के प्रयासों से लगातार कई वर्षों से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रक्तदान के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर सनातन रक्तदान समूह के संस्थापक अविनाश कुमार बादल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी रक्तदान के प्रति लोगों में पर्याप्त जागरूकता नहीं है। ऐसे में संस्था द्वारा निरंतर ग्रामीण इलाकों में रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर के ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहे, इसके लिए नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी परिस्थिति में रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

शिविर में रक्तदान करने वालों में गुलशन, लालदेव, आलोक, अंकेज, रवि, दीपेंद्र, विवेक, ननकी, अभिकेश, आशुतोष, सूरज, अरविंद, श्याम नंदन, रमेश, रौशन, मिथलेश, अभय, राहुल, पंकज, बादल, पवन, प्रमोद, संजीव, गौतम, अनिल, पप्पू, कुंदन, पंचदेव, विवेक, अजीत, हृष, सौरव, अनिकेत, राजीव, नवनीत, अभय सिंह, विशाल एवं निलेश सहित अन्य लोग शामिल रहे। शिविर में कई ऐसे युवाओं ने भी रक्तदान किया जिन्होंने पहली बार रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। शिविर में रक्त संग्रहण का कार्य इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किया गया।





