चोरी, लूट व छिनतई की घटनाओं में CCTV फुटेज तक ही सिमटी समस्तीपुर पुलिस की जांच
समस्तीपुर : एक समय मामलों पर त्वरित कार्रवाई कर बदमाशों को सलाखों तक पहुंचाने वाली जिला पुलिस इन दिनों चोरी, छिनतई और लूट की घटनाओं के खुलासे में फिसड्डी साबित हो रही है। पुराने मामलों के कोर्ट वारंटियों की गिरफ्तारी में सक्रिय दिखने वाली पुलिस हाल के आपराधिक मामलों के उद्भेदन में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पा रही है। इससे शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। बीते कुछ महीनों में थाना क्षेत्र में चोरी और छिनतई की कई बड़ी घटनाएं हुईं, लेकिन अधिकांश मामलों में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।
हाल के दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों में मंदिरों से चोरी, बंद घर से चोरी, चैन छिनतई, बाइक चोरी समेत समेत सीएसपी संचालक से छिनतई की दर्जनों घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका है। कई घटनाओं में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगा था, जिसमें संदिग्ध का चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। घटना के बाद कुछ दिनों तक पुलिस सक्रिय नजर आयी, लेकिन बाद में मामला ठंडे बस्ते में चला गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बड़ी घटना के बाद पुलिस सक्रियता दिखाती है, परंतु जांच सीसीटीवी फुटेज तक सीमित होकर रह जाती है।

