समस्तीपुर शहर के मगरदही स्थित एक गैरेज से संदिग्ध काली स्कॉर्पियो जब्त, शराब तस्करी से जुड़ाव की चर्चा
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाने कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मगरदही स्थित एक गैरेज में छापेमारी कर पेंट हो रही एक काले रंग की एक स्कॉर्पियो को बरामद किया है। बताया जा रहा है कि वाहन पर पटना नंबर अंकित है और उसके संदिग्ध होने की सूचना पुलिस को मिली थी। जानकारी के अनुसार, जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तब गैरेज में गाड़ी की पेंटिंग का काम चल रहा था। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि वाहन का वास्तविक मालिक कोई अन्य व्यक्ति है, जबकि किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा उसे पेंट कराया जा रहा था।
पुलिस ने वाहन के मूल स्वामी को इसकी सूचना दे दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो को जब्त कर सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। वहीं पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब्त वाहन का इस्तेमाल शराब तस्करी में किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल इस मामले में खुलकर कुछ भी बताने से बच रही है।

