समस्तीपुर के प्रवीण कुमार तिवारी विशिष्ट पुलिस सेवा पदक से हुए सम्मानित

समस्तीपुर/विद्यापतिनगर [पदमाकर सिंह लाला] : विद्यापतिनगर प्रखंड अंतर्गत मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत के दमदमा गांव निवासी स्व. सत्यदेव तिवारी के पुत्र प्रवीण कुमार तिवारी को असाधारण सेवा के लिए विशिष्ट पुलिस सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। प्रवीण कुमार तिवारी वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में 8वीं बटालियन एनडीआरएफ में कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं। गाजियाबाद में आयोजित 8 वीं बटालियन एनडीआरएफ के प्रेसिडेंट्स कलर सम्मान समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा हस्ताक्षरित सम्मान पत्र एवं विशिष्ट पुलिस सेवा पदक प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
गृह विभाग की अधिसूचना के आधार पर उनके नाम का चयन किया गया था। इससे पूर्व भी उन्हें कई पुलिस पदक एवं सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।उन्होंने अपनी कर्तव्यनिष्ठा, बहादुरी और उत्कृष्ट सेवा के बल पर यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया है।समारोह के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने एनडीआरएफ के जवानों की बहादुरी, समर्पण और आपदा राहत कार्यों की जमकर सराहना की।

उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ ने देश के विभिन्न हिस्सों में प्राकृतिक आपदाओं एवं संकट की घड़ी में लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रवीण कुमार तिवारी की इस सफलता से दमदमा गांव सहित पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों, शुभचिंतकों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया है। लोगों ने कहा कि उनकी मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। परिवार के सदस्यों चाचा घनश्याम तिवारी, छत्रपति तिवारी, रवीन्द्रनाथ तिवारी, अविनाश तिवारी, ओम तिवारी, प्रकाश तिवारी, राजीव रंजन तिवारी आदि ने इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार जताया।





