बिथान में डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर 15 मई को बंद रहेगा बाजार, आंदोलन तेज

समस्तीपुर/बिथान : बिथान में डिग्री कॉलेज की स्थापना एवं जुलाई 2026 से ही शैक्षणिक संचालन शुरू करने की मांग को लेकर क्षेत्र में आंदोलन तेज हो गया है। स्थानीय छात्र-युवा एवं सामाजिक संगठनों की ओर से 15 मई को बिथान बाजार बंद रखने तथा प्रखंड कार्यालय पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है।
आंदोलन के आयोजकों ने क्षेत्र के सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं व्यवसायियों से अपील की है कि वे छात्रों के भविष्य के हित में प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने में सहयोग करें। विशेष रूप से व्यवसायियों से आग्रह किया गया है कि वे 15 मई को स्वेच्छा से अपनी-अपनी दुकानें एवं प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन को समर्थन दें। आयोजकों का कहना है कि बिथान एक बड़ी आबादी वाला क्षेत्र है, लेकिन यहां अब तक एक भी डिग्री कॉलेज नहीं है।

इंटरमीडिएट के बाद हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए रोसड़ा, समस्तीपुर एवं दरभंगा जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक तंगी एवं दूरी के कारण कई छात्राएं आगे की पढ़ाई बीच में छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं। आंदोलनकारियों की मुख्य मांग है कि बिथान बाजार में अविलंब डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाए तथा इसी शैक्षणिक सत्र,जुलाई 2026 से पठन-पाठन शुरू कराया जाए। जब तक स्थायी भवन का निर्माण नहीं हो, तब तक किसी सरकारी भवन में अस्थायी रूप से कक्षाएं संचालित की जाएं।

आंदोलन की रूपरेखा के अनुसार 15 मई को सुबह 8 बजे से बिथान बाजार की दुकानें बंद रहेंगी। सुबह 10 बजे बाजार से जुलूस निकालकर प्रखंड कार्यालय पहुंचा जाएगा, जहां मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री के नाम संबोधित मांग पत्र बीडीओ और सीओ को सौंपा जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता संजय गुप्ता ने कहा कि यह लड़ाई किसी पार्टी या संगठन की नहीं, बल्कि पूरे बिथान के भविष्य की लड़ाई है। क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा का अधिकार दिलाने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक पहल नहीं करती है तो आने वाले समय में डिग्री कॉलेज नहीं तो वोट नहीं जैसे जनआंदोलन को भी गति दी जा सकती है।




