समस्तीपुर के इस स्कूल में बच्चों के निवाले डकार गए चोर, बिना भोजन घर लौटे छात्र
समस्तीपुर/उजियारपुर : समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड के रामचंद्रपुर अंधैल के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चंदौली में चोरों ने बच्चों के निवाले की चोरी कर उसके भोजन पर ग्रहण लगा दिया। घटना गुरुवार की रात की है, जब चोरों ने विद्यालय का ताला तोड़कर एमडीएम से जुड़ी सामग्री व अन्य सामानों की चोरी कर ली। घटना की जानकारी तब मिली जब शुक्रवार को शिक्षक विद्यालय पहुंचे। इसके बाद शिक्षकों ने घटना की सूचना उजियारपुर पुलिस को दी। सूचना पर स्कूल पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। बताया जाता कि चोरी गए सामानों के चलते शुक्रवार को बच्चे स्कूल से बिना भोजन किए ही घर लौट गए।
शिक्षक के अनुसार चोरों ने करीब 23 बोरा चावल, 30 किलो दाल, 70 किलो चना, एक जार तेल और 19 किलो का दो गैस सिलेंडर सहित अन्य सामग्री की चोरी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रामचंद्रपुर अंधेल पंचायत के मुखिया रामसागर महतो, पूर्व मुखिया उमेश सहनी, सरपंच गणेश सिंह, विद्यालय शिक्षा समिति अध्यक्ष पति राजकुमार चौधरी ने इस विद्यालय में लगातार तीसरी बार हुई चोरी की घटना पर गहरी चिंता जतायी। विद्यालय के प्रभारी शिक्षक नन्हकी पासवान ने बताया कि इस चोरी से बच्चों के भोजन व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है। उन्होंने उजियारपुर पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई कर चोरी की घटना का खुलासा करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

