श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज समस्तीपुर में सफल सिजेरियन के साथ प्रसव सेवा का शुभारंभ
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड स्थित श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई। संस्थान में प्रथम सफल सिजेरियन ऑपरेशन के साथ ही प्रसव सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस उपलब्धि से क्षेत्रवासियों को अब बेहतर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार एवं अधीक्षक डॉ. पूनम कुमारी के कुशल नेतृत्व में यह सफलता प्राप्त हुई।
महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुपम कुमारी, डॉ. स्नेह लता एवं डॉ. मीनाक्षी बाजपेयी की टीम ने एक जटिल मामले में सफल सिजेरियन ऑपरेशन कर सुरक्षित प्रसव कराया। चिकित्सकों की सूझबूझ और अनुभव के चलते ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा। वर्तमान में जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और चिकित्सकीय निगरानी में हैं। इस जटिल प्रक्रिया में एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. राणा विश्व विजय, डॉ. आलोक हिमांशु एवं डॉ. उजमा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

