UGC गाइडलाइंस पर सुप्रीम कोर्ट की रोक के खिलाफ 18 मार्च को पटना में महाजुटान व राजभवन मार्च का आह्वान

समस्तीपुर : शहर के बी.आर.बी. कॉलेज परिसर में समता आंदोलन के तहत आइसा, आरवाईए, भीम आर्मी, एआईएसएफ, एनएसयूआई और एसएफआई सहित विभिन्न छात्र-युवा संगठनों की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में यूजीसी रेगुलेशंस-2026 पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई गई रोक के विरोध तथा SC/ST/EBC/BC वर्गों के लिए 65 प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आइसा की प्रदेश अध्यक्ष प्रीति पटेल ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सामाजिक न्याय और समान अवसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्यभर के शैक्षणिक संस्थानों, वेलफेयर हॉस्टलों तथा वंचित-बहुजन समाज के बीच व्यापक जनअभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समता आंदोलन के तहत बिहार के अलग-अलग जोनों में अभियान चलाकर छात्रों और युवाओं को जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में बराबरी, प्रतिनिधित्व और न्याय की लड़ाई को तेज करते हुए यूजीसी-2026 को रोहित एक्ट की तर्ज पर लागू करने की मांग की जा रही है। इसके तहत 15 मार्च को “समता महाजुटान कन्वेंशन” आयोजित किया जाएगा, जिसमें छात्र-युवा संगठनों, सामाजिक संगठनों तथा सामाजिक न्याय के पक्षधर बुद्धिजीवियों की भागीदारी होगी। साथ ही 18 मार्च को पटना में महाजुटान और राजभवन मार्च का आह्वान किया गया है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के दबाव में यूजीसी गाइडलाइन तो लेकर आई, लेकिन उसमें जातिगत भेदभाव खत्म करने के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया। सरकार की कमजोर पैरवी और अस्पष्ट नीति के कारण ही सुप्रीम कोर्ट ने इस गाइडलाइन पर रोक लगाई, जो यह दर्शाता है कि शिक्षा में सामाजिक न्याय के सवाल पर सरकार गंभीर नहीं है।

छात्र-युवा नेताओं ने कहा कि समता आंदोलन किसी जाति या समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि जातिगत असमानता और विशेषाधिकार के खिलाफ सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रदत्त अधिकारों और समान प्रतिनिधित्व की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। यदि सरकार और संबंधित संस्थाएं इस मुद्दे की अनदेखी करती हैं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रेस वार्ता को आरवाईए के जिला सचिव रौशन यादव, भीम आर्मी के जिला सचिव निलेश राम, एनएसयूआई के राज्य उपाध्यक्ष अभिनव अंशु, एआईएसएफ के राज्य परिषद सदस्य अभिनाश कुमार, एसएफआई के विपिन कुमार, आइसा के जिला उपाध्यक्ष दीपक यदुवंशी, आरवाईए नेता नवीन कुमार, आइसा जिला कमेटी सदस्य उदय कुमार एवं गौतम कुमार ने भी संबोधित किया। मौके पर आग्रसेन आनंद, गौरव कुमार, प्रभात कुमार, अंशु कुमार, हिमांशु कुमार, प्रभात यादव सहित दर्जनों छात्र-युवा कार्यकर्ता मौजूद थे।





