इधर भाजपा कर रही नए CM की तैयारी, उधर लोजपा से भी उठी चिराग पासवान की मांग

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य में नया सीएम बनाने की तैयारी में जुटी है। इसके लिए पार्टी के अंदर संभावित चेहरे की तलाश भी शुरू हो गई है। इस बीच, भाजपा की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बिहार की कमान सौंपने की मांग होने लगी है।
लोजपा-आर के प्रदेश प्रवक्ता मनीष सिंह ने शनिवार को चिराग को बिहार का सीएम बनाने की मांग की। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि नीतीश कुमार के राष्ट्रीय राजनीति में लौटने से पूरे देश को उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ मिलेगा। साथ ही बिहार में नई ऊर्जा और नई सोच के साथ नेतृत्व की आवश्यकता है। ऐसे में चिराग पासवान जैसे युवा नेता को बिहार का मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिलना चाहिए।


इससे पहले, लोजपा-आर के बिहार प्रभारी एवं जमुई से सांसद अरुण भारती ने भी कह चुके हैं कि वह चिराग पासवान को प्रदेश के मुखिया के तौर पर देखना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह उनके निजी विचार हैं। ऐसे फैसले गठबंधन के बड़े नेता मिलकर लेते हैं। अरुण अपने पार्टी चीफ चिराग के जीजा भी हैं।
चिराग पासवान की लोजपा-आर के बिहार विधानसभा में 19 विधायक हैं। बिहार सरकार में अभी उनकी पार्टी से दो मंत्री संजय पासवान और संजय कुमार सिंह हैं।

बता दें कि नीतीश कुमार ने बीते गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि वह अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहे हैं। करीब दो दशक तक बिहार के मुखिया रहे नीतीश के राज्यसभा सांसद बनने के बाद बिहार में एनडीए की नई सरकार का गठन किया जाएगा। संभवतया अप्रैल महीने में बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा।

गठबंधन के अंदरखाने से चल रही चर्चाओं के अनुसार बिहार का अगला सीएम भाजपा का होगा। भाजपा ने संभावित मुख्यमंत्री पर विचार-विमर्श भी शुरू कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को मुलाकात के लिए बुलाया है। रविवार को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं की बैठक होगी। इसमें बिहार के मौजूदा सियासी घटनाक्रम और नई सरकार को लेकर चर्चा हो सकती है।

बिहार का अगला सीएम कौन होगा यह अभी तय नहीं हुआ है। भाजपा से मुख्यमंत्री की रेस में सम्राट चौधरी, नित्यानंद राय जैसे नेताओं का नाम प्रमुखता से चल रहा है। हालांकि, चर्चा है कि भाजपा किसी नए चेहरे को लाकर चौंका भी सकती है।



