कर्पूरीग्राम में दो देसी कट्टा एवं तीन जिंदा कारतूस के साथ बदमाश गिरफ्तार

समस्तीपुर : कर्पूरीग्राम थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के रामकृष्णनपुर के अजय कुमार सिंह के पुत्र आशुतोष कुमार के रूप में की गई है।

पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान अभियुक्त के पास से दो देसी कट्टा एवं तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद हथियारों को जब्त कर अभियुक्त को हिरासत में ले लिया गया है। इस संबंध में कर्पूरीग्राम थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अभियुक्त के आपराधिक नेटवर्क से किसी प्रकार का संबंध है या नहीं।




