समस्तीपुर पहुंची उत्तर प्रदेश पुलिस, नोयडा में 15वीं मंजिल से फेंककर दोस्त की हत्या मामले के आरोपियों की तलाश में शहर से सटे गरुआरा में छापेमारी

समस्तीपुर : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाने की पुलिस ने नए साल की पार्टी में 15वीं मंजिल से एक युवक को धक्का देकर नीचे फेंक हत्या करने के मामले में स्थानीय दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गरूआरा में छापेमारी की। बिसरख थाने के दरोगा सुशील कुमार के नेतृत्व में शनिवार की सुबह पहुंची पांच सदस्यीय नोयडा पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की, लेकिन दोनों यहां भी नहीं मिले। जिसके बाद शनिवार की दोपहर नोयडा पुलिस बैरंग खाली हाथ वापस लौट गई।
यह कारवाई मुफस्सिल थाने की पुलिस के सहयोग से यूपी पुलिस की टीम ने की जिसमें गरूआरा गांव के अभय ठाकुर के पुत्र प्रिंस कुमार और इसी गांव के बादल कुमार के घर पर छापेमारी की गयी। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि एक हत्याकांड मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये यूपी पुलिस पहुंची थी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की गयी लेकिन दोनों आरोपी घर पर नहीं मिले।

15वीं मंजिल से धक्का देकर ली थी दोस्त की जान :
बता दें की मृतक युवक भी बिहार के सिवान का रहने वाला था। उसकी पहचान विनीत राज (28) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बिसरख थाना क्षेत्र के आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी के फ्लैट नंबर-1204 में रहता था। उसके साथ दो दोस्त भी रहते थे। नए साल के जश्न के लिए उसके पुराने रूममेट्स सहित सभी दोस्त इकट्ठा हुए थे। पार्टी के दौरान सभी ने शराब पी। इसी बीच पुराने विवाद, गाड़ी को एक्सीडेंट करने के मामले को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद जल्द ही गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान आरोपियों ने विनीत को 15वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। विनीत के गिरते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गये थे। नीचे गिरते ही विनीत की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकी अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी है। इसमें से फरार चल रहे प्रिंस और बादल समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गरूआरा के रहने वाले हैं।






