BPSC TRE 4 परीक्षा 10 अगस्त से पहले होगी, शिक्षा मंत्री ने बिहार शिक्षक भर्ती पर दिए निर्देश

बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की चाह रखने वाले बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की चौथे चरण की शिक्षक बहाली (BPSC TRE 4) की प्रक्रिया इसी साल पूरी कर दी जाएगी। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बीपीएससी टीआरई 4 परीक्षा 10 अगस्त से पहले आयोजित कराने का निर्देश विभाग के अधिकारियों को दिया है। इसके अलावा विशेष शिक्षक और सक्षमता परीक्षा समेत अन्य सभी तरह के एग्जाम भी इसी तारीख से पहले कराने को कहा गया है।
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें मंत्री ने शिक्षिकाओं के मातृत्व अवकाश की विसंगति दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में स्कूलों का भूमि बैंक बनाने की बात हुई। विधायक और विधान पार्षद (एमएलसी) की विद्यालय संबंधी अनुशंसा को भी पूरा कराने के लिए कहा गया।

इसके बाद दोपहर में पटना स्थित जेडीयू प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने कहा कि अनुकंपा आधारित नियुक्तियों से संबंधित नियमावली तैयार हो चुकी है। जल्द ही इसके अंतर्गत नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इसके अलावा, दिव्यांग बच्चों की विशेष शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा 7000 स्पेशल शिक्षकों की बहाली की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।

बता दें कि बिहार और आसपास के राज्यों के लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों को BPSC TRE 4 का इंतजार है। इसी साल मार्च महीने में विधानसभा के अंदर शिक्षा मंत्री ने बताया था कि चौथे चरण की शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया मई महीने में शुरू कर दी जाएगी। हालांकि, यह महीना अब खत्म होने की ओर है और बीपीएससी की ओर से अभी तक शिक्षक बहाली का नोटिफिकेशन नहीं जारी किया गया है। शिक्षा मंत्री के निर्देश के बाद संभावना है कि जल्द ही टीआरई 4 का नोटिफिकेशन जारी हो। चौथे चरण में 1.60 लाख से ज्यादा शिक्षकों की नियुक्ति के कयास लगाए जा रहे हैं।




