नीतीश कुमार अभी और 15 साल काम करने वाले हैं, BJP के सम्राट चौधरी ने कर दिया साफ

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और बयानबाजी हो रही है। इस बीच राज्य के डिप्टी सीएम और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने शनिवार को कहा कि नीतीश अभी और 15 साल काम करने वाले हैं। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव के ‘खटारा सरकार’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए यह बयान दिया। मगर राजनीतिक गलियारों में इसके अलग मायने भी निकाले जाने लगे हैं।
सम्राट चौधरी ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का परिवार लगातार सीएम नीतीश कुमार का अपमान कर रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार अगले 15 साल तक और काम करने वाले हैं। इस बारे में चिंता मत कीजिए।”

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए इसे खटारा और जर्जर सरकार बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में 15 साल से पुरानी गाड़ियों को चलाने की अनुमति नहीं है। ऐसे में नीतीश और बीजेपी की 20 सालों से चल रही जोड़-तोड़ की खटारा सरकार अब क्यों चलेगी?
बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। तेजस्वी यादव लगातार सीएम नीतीश के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर हमलावर हैं। वह नीतीश के स्वास्थ्य और उम्र को लेकर भी कई बार सवाल खड़े चुके हैं। सीएम नीतीश ने शनिवार को ही अपना 75 वां जन्मदिन मनाया।

हालांकि, एनडीए सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनावी मैदान में उतरने जा रहा है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने एक दिन पहले स्पष्ट किया कि नीतीश के नेतृत्व में ही आगामी विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। एनडीए का नारा भी ‘2025, फिर से नीतीश’ है। वहीं, अब बिहार सरकार में नंबर दो की पॉजिशन रखने वाले सम्राट चौधरी भी नीतीश कुमार के अगले 15 सालों तक सक्रिय रहने की बात कर रहे हैं।
दूसरी ओर, नीतीश के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की अटकलें जोरों पर है। बिहार चुनाव से पहले उनकी पॉलिटिकल एंट्री हो सकती है। पिछले दिनों निशांत कुमार ने एनडीए और जेडीयू से अपने पिता नीतीश को सीएम कैंडिडेट घोषित करने की मांग की थी।





