समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत सोंगर पंचायत के मिर्जापुर गांव में भीषण सड़क हादसे में गांव के एक साथ तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. जिस घर में कुछ दिन पहले तक पर्व-त्योहार की तैयारियां और उल्लास का माहौल था, वहां अब अपनों की चीत्कार और रोने-बिलखने की आवाजें गूंज रही हैं. तीनों युवकों की असमय मौत ने न केवल उनके हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ कर रख दिया है, बल्कि पूरे गांव को अंदर तक झकझोर कर दिया है.
मृतक विकास राम अपने परिवार का इकलौता चिराग था.परिवार के बुजुर्गों ने उसी से अपने भविष्य की तमाम उम्मीदें पाल रखी थीं.घर की कमजोर आर्थिक जिम्मेदारियों और बुजुर्गों के बुढ़ापे का एकमात्र सहारा बनने की उम्मीद भी उसी पर टिकी थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था.विकास के दादा हरिलाल राम का दर्द देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं.उन्होंने रुंधे गले से बताया कि जिस पोते के कंधे पर बैठकर वे अपनी अंतिम यात्रा की कल्पना करते थे, आज उसी पोते को अपने ही हाथों मुखाग्नि देनी पड़ी है.
वहीं, एक अन्य मृतक दीपक कुमार के पिता शंभू दास ने भारी मन से बताया कि गांव के छठ घाट की सजावट की मुख्य जिम्मेदारी दीपक को ही सौंपी गई थी.लेकिन दोस्तों के आग्रह पर वह उनके साथ बाइक पर सवार होकर घर से निकल गया था.परिजनों को यह जरा भी अंदाजा नहीं था कि दोस्तों के साथ बाइक पर निकला उनका बेटा अब कभी भी जीवित लौटकर घर वापस नहीं आएगा.मृतक नवीन के पिता सुरेश दास ने भी इस दुखद हादसे के लिए बुरी संगति और दोस्तों के साथ जाने को जिम्मेदार ठहराया.उनका कहना था कि यदि उस वक्त तीनों युवक अपने परिजनों की बात मान लेते, तो शायद आज यह भयानक दिन नहीं देखना पड़ता.
मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब नवीन और अन्य युवकों के शव गांव पहुंचे, तो पूरा माहौल गमगीन हो गया और परिजनों की चीख-पुकार से आसमान गूंज उठा.घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने चंदौली हाट के समीप मुख्य सड़क पर टायर जलाकर आवागमन ठप कर दिया और विरोध प्रदर्शन किया.हालांकि, बाद में स्थानीय प्रबुद्ध लोगों और पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और आवागमन बहाल किया गया.एक साथ तीन अर्थियां उठने से पूरे गांव की आंखें नम हैं और घरों में सन्नाटा पसरा हुआ है.
समस्तीपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ के समाप्त होते ही मंगलवार को शहर की…
समस्तीपुर : छठ महापर्व संपन्न होने के दूसरे दिन भी समस्तीपुर रेलवे जंक्शन पर यात्रियों…
समस्तीपुर : कायाकल्प अभियान के तहत जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की…
समस्तीपुर : पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और अतिरिक्त मार्गदर्शन देने के लिए…
समस्तीपुर/सरायरंजन : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र अंतर्गत झखड़ा गांव में सोमवार को जमीन…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर टारा गांव के पास रविवार…