समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर टारा गांव के पास रविवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों छठ घाट पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान करुआ गांव निवासी नरेश शाह के 21 वर्षीय पुत्र अर्जुन कुमार और अरुण कुमार के 25 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा तैयार किया। सोमवार सुबह शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
सोनू के ममेरे भाई रणवीर कुमार ने बताया कि रविवार शाम छठ घाट पर अर्घ्य देने के बाद सोनू अपने दोस्त अर्जुन के साथ बाइक से अर्जुन की बहन के घर बिरसिंहपुर जा रहा था। इसी दौरान मधुरापुर टारा गांव के पास एक मोड़ पर बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों को दोनों के पास मिले कागजात के आधार पर उनकी पहचान हुई। इसके बाद लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की जानकारी दी।
बताया जाता है कि हादसे के वक्त दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के सिर में ही गंभीर चोट लगी थी। लोगों का कहना है कि अगर दोनों ने हेलमेट पहना होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
इस हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया है। अर्जुन कुमार की शादी आगामी 4 दिसंबर को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के लोग बेटे की शादी को लेकर उत्साहित थे, लेकिन हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। वहीं, सोनू कुमार नौकरी के सिलसिले में 27 नवंबर को दुबई जाने वाला था। उसकी फ्लाइट का टिकट भी कंफर्म हो चुका था। दोनों दोस्तों की असमय मौत से गांव में शोक की लहर है।
सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण टर्निंग पर बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में ट्रैफिक थाने में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
समस्तीपुर/सरायरंजन : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र अंतर्गत झखड़ा गांव में सोमवार को जमीन…
वैभव सूर्यवंशी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के अपने पहले मैच में बिहार की…
समस्तीपुर : छठ महापर्व की तैयारियों के बीच समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र से…
समस्तीपुर : डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में 20 नवंबर को भव्य दीक्षांत…
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाने की पुलिस ने पत्नी की हत्या कर शव को गंडक नदी…
समस्तीपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ और…