समस्तीपुर/रोसड़ा : समस्तीपुर जिले के रोसड़ा शहर में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे आठ बदमाशों को रोसड़ा थाने की पुलिस ने समय रहते गिरफ्तार कर लिया। बदिया टोला में एकत्रित होकर घटना की योजना बना रहे इन बदमाशों के पास से पुलिस ने हथियारों का जखीरा, जिंदा कारतूस, नकदी, विदेशी मुद्रा, ऑटोमेटिक चाकू, विदेशी शराब और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में चार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस को इनके तार किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की भी आशंका है।
सोमवार को रोसड़ा थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी मुकुल कुमार रंजन ने इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के बदिया टोला में कुछ अपराधकर्मी जुटे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ रोसड़ा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बदिया टोला में छापेमारी की और मौके से आठ बदमाशों को दबोच लिया।
गिरफ्तार बदमाशों की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक सेमी ऑटोमेटिक लोडेड पिस्टल मैगजीन सहित, एक देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा आठ मोबाइल, 60 हजार रुपये नकद, 11 अमेरिकी डॉलर, पांच यूरो, एक ऑटोमेटिक चाकू और तीन लीटर विदेशी शराब भी मिली। पुलिस ने मौके से तीन चारपहिया वाहन और एक बुलेट बाइक भी जब्त की है। आशंका है कि इन वाहनों का इस्तेमाल आपराधिक घटना को अंजाम देने में किया जाना था।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में थाना क्षेत्र के महुली निवासी सुशील यादव का पुत्र गुलशन कुमार, सहियार बुर्ज वार्ड संख्या 26 निवासी स्व. सत्तो दास के पुत्र अमित कुमार, सुमित कुमार, जीत कुमार, इसी गांव के रामपुकार यादव का पुत्र शोभित कुमार और सुरेश दास का पुत्र सुनील कुमार शामिल हैं। इनके अलावा हसनपुर थाना क्षेत्र के सभेपुरा निवासी कैलाशपति यादव का पुत्र मनखुश कुमार तथा बिथान थाना क्षेत्र के सिहमा निवासी चंद्रवली यादव का पुत्र विनय कुमार भी गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में चार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। बदमाशों की गतिविधियों और उनके पास से बरामद हथियारों एवं वाहनों को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि वे शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।ग्रामीण एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इन बदमाशों का किसी बड़े नेटवर्क से संपर्क होने की बात सामने आ रही है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। तकनीकी सेल की मदद से आरोपितों के मोबाइल और अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
जांच के दौरान कुछ अन्य संदिग्धों की संलिप्तता से जुड़े सुराग भी मिले हैं। पुलिस इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की पड़ताल कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार, एसआई सुभाषचंद्र मंडल, एसआई राहुल कुमार, एसआई जितेन्द्र महतो, पीटीसी राजू कुमार सिंह सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे। ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आठ आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बदिया टोला से गिरफ्तार आठ बदमाशों में चार का आपराधिक इतिहास सामने आया है। इनके खिलाफ रोसड़ा, बिथान और हसनपुर थानों में लूट, आर्म्स एक्ट और शराब के अवैध कारोबार जैसे गंभीर मामलों में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उनके नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी गुलशन कुमार के खिलाफ रोसड़ा थाना में मामला दर्ज है। वहीं, विनय कुमार के विरुद्ध बिथान थाना में मामला दर्ज है। मनखुश कुमार के खिलाफ हसनपुर एवं बिथान थाना में प्राथमिकी दर्ज है। इसके अलावा सुमित कुमार के विरुद्ध रोसड़ा थाना में मामला दर्ज है। इन आरोपितों के खिलाफ दर्ज मामले लूट, आर्म्स एक्ट और शराब के अवैध कारोबार जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े बताए गए हैं। पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक मामलों और वर्तमान गिरोह से संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही है।
समस्तीपुर : समस्तीपुर कॉलेज समस्तीपुर परिसर स्थित सभागार में सोमवार को छात्र संगठन आइसा का…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेव चौक कोरबद्धा स्थित एक हार्डवेयर…
समस्तीपुर/पटोरी : समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी प्रखंड के एक पंचायत में प्रशासन और सामाजिक…
समस्तीपुर/दलसिंहसराय : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय निवासी 15 वर्षीय रौनक कुमार ने राज्य स्तरीय विद्यालय…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन पर सोमवार…
समस्तीपुर/सरायरंजन : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र अंतर्गत नरघोघी स्थित श्री राम जानकी मेडिकल…