शहीद CRPF जवान के बेटे को 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा देगा ‘होली मिशन स्कूल’
समस्तीपुर : देश की रक्षा में तैनात रहते हुए शहीद हुए सीआरपीएफ जवान राज गोपाल राम के बेटे की पढ़ाई की जिम्मेदारी होली मिशन हाई स्कूल ने उठाने का संकल्प लिया है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से उनके पुत्र आदित्य कुमार को कक्षा 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। आदित्य दलसिंहसराय स्थित होली मिशन हाई स्कूल की शाखा में कक्षा एक के छात्र हैं। सीआरपीएफ जवान राज गोपाल राम जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में तैनात थे। बीते 21 अक्टूबर को ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया था।

उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। चुनावी व्यस्तताओं के कारण उस समय विद्यालय प्रबंधन की ओर से उनके परिजनों से मुलाकात नहीं हो सकी थी। रविवार को विद्यालय प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान जवान के पुत्र आदित्य की शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी उठाने का संकल्प लिया गया।
CRPF जवान के बेटे को 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा देगा होली मिशन स्कूल समस्तीपुर
ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से हुई थी राज गोपाल राम की मौत, परिजनों से मिलकर स्कूल प्रबंधन ने जताई संवेदना pic.twitter.com/kbnwea7USY
— Samastipur Town (@samastipurtown) November 21, 2026
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि होली मिशन स्कूल की परंपरा रही है कि यदि विद्यालय में पढ़ने वाले किसी बच्चे के अभिभावक भारतीय सेना या अर्धसैनिक बल में देश की सेवा के दौरान किसी अनहोनी का शिकार होते हैं, तो विद्यालय परिवार उस बच्चे की शिक्षा और भविष्य को संवारने में सहयोग करता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आदित्य को 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा देने का निर्णय लिया गया है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि देश की सुरक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले जवानों के परिवारों के साथ खड़ा होना समाज का दायित्व है। किसी वीर जवान के बच्चे की पढ़ाई आर्थिक अभाव के कारण बाधित नहीं होनी चाहिए। राज गोपाल राम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया गया।


