ब्रह्माकुमारीज में चैतन्य देवियों के रूप में सम्मानित हुईं बहनें, राजयोगिनी रानी दीदी ने दिया आध्यात्मिक जागृति और दैवी गुणों को जीवन में धारण करने का संदेश
समस्तीपुर : नवरात्र के अवसर पर शहर के ताजपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज शिव शक्ति भवन में राजयोगिनी रानी दीदी के अभिनंदन एवं आशीर्वचन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में मातृशक्ति के सम्मान के साथ आध्यात्मिक जागृति और जीवन में दैवी गुणों को अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कृष्ण भाई ने बिहार एवं झारखंड ब्रह्माकुमारीज की निदेशिका राजयोगिनी रानी दीदी और उपस्थित ब्रह्माकुमारी बहनों के स्वागत से किया।
इस दौरान गया-समस्तीपुर की सविता बहन, मुजफ्फरपुर की सीता बहन एवं भारती बहन, शाहपुर पटोरी की रंजना बहन, रोसड़ा की कुंदन बहन, दलसिंहसराय की सोनिका बहन, पूसा की पूजा बहन और मोहिउद्दीननगर की आशा बहन को चैतन्य देवी के स्वरूप में सम्मानित किया गया। सभी बहनों को तिलक लगाकर, चुनरी ओढ़ाकर, पुष्पमाला एवं मुकुट पहनाकर तथा आरती उतारकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित भाई-बहनों ने श्वेत वस्त्र अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। नवरात्र में मातृशक्ति के सम्मान का यह आयोजन श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।
ब्रह्माकुमारीज में चैतन्य देवियों के रूप में सम्मानित हुईं बहनें, राजयोगिनी रानी दीदी ने दिया आध्यात्मिक जागृति और दैवी गुणों को जीवन में धारण करने का संदेश#Samastipur #OMShanti @OMSHANTIRETREAT pic.twitter.com/dxesPRTNZP
— Samastipur Town (@samastipurtown) October 17, 2026
अपने आशीर्वचन में राजयोगिनी रानी दीदी ने श्रेष्ठ विचारों, पवित्र भावनाओं और दैवी गुणों को जीवन में धारण करने की प्रेरणा दी। उन्होंने नारीशक्ति के सम्मान, आत्मिक जागृति और श्रेष्ठ संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आध्यात्मिक जीवन अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुजफ्फरपुर से आए अरविंद भाई ने कहा कि सच्चा जागरण अपने अंदर की शक्ति को जागृत करना और आसुरी शक्तियों का नाश करना है। वहीं, ओम प्रकाश भाई ने देवियों के सम्मान में गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में रामगोपाल सुरेका, रमेश चांदना, सतीश चांदना, कृष्ण कुमार अग्रवाल, वरीय अधिवक्ता दीपक कुमार सिंह, डॉ. पंकज भाई, निर्दोष जी, राकेश माटा और राजकुमार भाई सहित जिले भर से आए अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे। समापन पर राजयोगिनी रानी दीदी ने सभी को स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया।


