ढा़बा संचालक को गोली मारने के मामले में दो बदमाश नेपाल के बोर्डर इलाके से गिरफ्तार, ताजपुर में भी STF और DIU की छापेमारी

समस्तीपुर/सरायरंजन : सरायरंजन थाना क्षेत्र के किशनपुर यूसुफ स्थित एसएच-88 पर सुंदरम पेट्रोल पंप के पास ढाबा संचालक अभिनंदन कुमार को गोली मारकर जख्मी करने के मामले में एसटीएफ व डीआईयू की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर नेपाल भागने की फिराक में लगे दो बदमाशों को मधुबनी से गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि दोनों की गिरफ्तारी नेपाल सीमा के पास से की गई है। वहीं, मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि बदमाशों ने ढाबा संचालक अभिनंदन कुमार (28 वर्ष) को बदमाशों ताबड़तोड़ तीन गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। जख्मी अभिनंदन हलई थाना क्षेत्र के वनबीरा गांव निवासी विशेश्वर राय के पुत्र हैं। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर चार बदमाशों की पहचान की है। इनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावे ताजपुर थाना क्षेत्र से भी कुछ संदिग्धों को उठाकर उससे पूछताछ की जा रही है।

बताया जाता है कि अभिनंदन कुमार को कुछ महीने पहले भी हत्या करने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में उन्होंने पुलिस से शिकायत भी की थी। शुरुआती जांच में मामला लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। शुक्रवार की देर शाम तक एसटीएफ की टीम नगर थाने में जुटी रही। अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिये एसटीएफ के डीएसपी, सदर एसडीपीओ-1 समेत दर्जनों पुलिस जवान व डीआईयू की टीम टेक्निकल रूप से अनुसंधान करने में जुटी हुई है।

इस संबंध में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में छापेमारी जारी है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामला लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इधर, परिजनों ने बताया कि गोली लगने से जख्मी अभिनंदन कुमार का पटना के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई है। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में आईसीयू में भर्ती हैं।



