रावण दहन को लेकर SDO ने की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का दिया निर्देश

समस्तीपुर : दशहरा पर्व पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न कराने को लेकर सोमवार को जितवारपुर प्रखंड कार्यालय में बैठक हुई। समस्तीपुर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) राकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात, अग्निशमन और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की गई। एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
समस्तीपुर में रावण दहन समारोह को लेकर SDO व DSP ने किया हाउसिंग बोर्ड मैदान का निरीक्षण; साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए मुख्य मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती करने का निर्देश दिया,… pic.twitter.com/P2xZ6GwjxS
— Samastipur Town (@samastipurtown) October 13, 2026
एसडीओ ने कहा कि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग तथा प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग रास्तों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अग्निशमन विभाग की गाड़ियों को मौके पर तैनात रखने और मेडिकल टीम को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

सफाई और यातायात व्यवस्था पर जोर :
बैठक में कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया। इसके लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती और कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया। एसडीओ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि आयोजन के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस पर्व को आपसी सौहार्द, शांति और सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, थाना प्रभारी, आयोजन समिति के सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे। आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।



