दुर्गा पूजा को लेकर अलर्ट हुआ जिला प्रशासन, समस्तीपुर शहर के पूजा पंडालों का किया गया निरीक्षण

समस्तीपुर : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है। पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में सदर एसडीओ राकेश कुमार, सदर एसडीपीओ-1 सतीश सुमन, ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक चौबे समेत अन्य पदाधिकारियों ने शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मगरदही घाट स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर और बहादुरपुर स्थित पुरानी दुर्गा मंदिर सहित विभिन्न पूजा स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने पूजा समितियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और अन्य जरूरी इंतजामों पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर :
दुर्गा पूजा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक चौबे ने पूजा समितियों को ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी नहीं हो और जाम की समस्या से बचा जा सके। प्रशासन की ओर से पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने पूजा समितियों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में पूजा संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की।




