समस्तीपुर : दुर्गापूजा, विजयादशमी, मूर्ति विसर्जन और रावण दहन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम रोशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें पूजा पंडालों की सुरक्षा, लाइसेंस, अग्निशमन व्यवस्था, विसर्जन जुलूस के निर्धारित मार्ग, यातायात नियंत्रण और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को पंडालों का निरीक्षण कर प्रवेश और निकास द्वार, बिजली की व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण तथा आपात स्थिति से निपटने के इंतजामों की जांच करने को कहा गया। पंडाल संचालकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाइसेंस लेने और प्रशासन की ओर से तय शर्तों का पालन करने की आवश्यकता बताई गई।
मूर्ति विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए जुलूस के निर्धारित मार्ग और समय का पालन कराने पर विशेष जोर दिया गया। पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर जुलूस का संचालन कराने तथा संकरी सड़कों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही बाधित नहीं हो, इसके लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। विसर्जन स्थलों पर भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की गई। नदियों और जलाशयों में प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा के लिए जरूरत के अनुसार गोताखोर, बचाव दल, नाव और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
विजयादशमी पर होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर दर्शकों की सुरक्षित आवाजाही, प्रवेश-निकास मार्ग, बैरिकेडिंग और सुरक्षित दर्शक क्षेत्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। रावण दहन के दौरान निर्धारित सुरक्षा दूरी बनाए रखने के साथ अग्निशमन और चिकित्सा सहायता की उपलब्धता पर भी जोर दिया गया।
बैठक में संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा विधि-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने की आवश्यकता बताई गई। अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार पर निगरानी रखने और किसी भी सूचना की सत्यता की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। साथ ही, पूजा स्थलों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम और एसपी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त गौतम कुमार, सदर एसडीओ राकेश कुमार सहित संबंधित प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। अनुमंडल, प्रखंड और अंचल स्तर के अधिकारी भी बैठक से जुड़े थे।
समस्तीपुर : प्रतिभा जब शोध और नवाचार के साथ आगे बढ़ती है, तो उसकी पहचान…
समस्तीपुर : अनन्य विशेष न्यायाधीश (रेप एवं पॉक्सो एक्ट) मनीषा प्रकाश की अदालत ने सोमवार…
समस्तीपुर : दशहरा पर्व पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और…
समस्तीपुर : सदर अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों की परेशानी कम होने का…
समस्तीपुर : दशहरा एवं विजयादशमी के अवसर पर आयोजित होने वाले रावण दहन समारोह को…
समस्तीपुर : कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में सोमवार को डीएम रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन…