समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुर गांव निवासी हरेराम सहनी के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने एक लाख 12 हजार रुपये उड़ा लिए, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने से परिवार परेशान है. बताया जा रहा है कि यह घटना गत माह 19 और 20 अक्टूबर को हुई थी. खाते से रुपये निकलने की जानकारी पीड़ित को तब मिली, जब उनके मोबाइल फोन पर ट्रांजेक्शन का मैसेज आया. इसके बाद पीड़ित ने बैंक शाखा और साइबर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई व राशि वापसी की गुहार लगाई, परंतु अब तक किसी स्तर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से पीड़ित परिवार में निराशा है.
जानकारी के अनुसार रायपुर गांव के हरेराम सहनी के खाते से साइबर ठगों ने दो दिनों में कुल एक लाख 12 हजार रुपये निकाल लिए. मोबाइल पर राशि निकासी का संदेश मिलते ही परिवार के होश उड़ गए. पीड़ित ने तुरंत भारतीय स्टेट बैंक की उजियारपुर शाखा के प्रबंधक को मामले से अवगत कराया और साइबर थाना समस्तीपुर में भी लिखित आवेदन देकर साइबर अपराधियों की पहचान करने, उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की.
शुक्रवार को पीड़ित की पत्नी ने उजियारपुर थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी और बताया कि मामले को एक माह से अधिक का समय बीत चुका है. उनके अनुसार साइबर थाना से कार्रवाई के लिए उजियारपुर थाने को पत्र भी लिखा गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक उन्हें किसी तरह की कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. पीड़ित परिवार का कहना है कि मेहनत की कमाई जाने के बाद वे लगातार न्याय और कार्रवाई की उम्मीद में चक्कर लगा रहे हैं.
महिला का आरोप है कि जब वे उजियारपुर थाने जाती हैं, तो स्थानीय पुलिस यह कहकर मामला टाल देती है कि यह साइबर पुलिस से जुड़ा विषय है. वहीं साइबर पुलिस के पास जाने पर उजियारपुर थाना जाने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है. थानों के बीच इस खींचतान से आहत महिला ने कहा है कि अब वह जिले के एसपी से मिलकर अपनी पूरी व्यथा सुनाएंगी और न्याय की गुहार लगाएंगी.
साइबर ठगी के मामलों में समय पर कार्रवाई को बेहद अहम माना जाता है ताकि संदिग्ध खातों को फ्रीज कर राशि बचाई जा सके. ऐसे में पीड़ित परिवार ने वरीय पुलिस अधिकारियों से हस्तक्षेप करने, प्राथमिकी दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच करने और एक लाख 12 हजार रुपये की राशि बरामद कराने की मांग की है.
समस्तीपुर : जीविका के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ऋण की किस्त की राशि में…
समस्तीपुर : विमेंस कॉलेज समस्तीपुर की मेजबानी में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के तत्वावधान…
समस्तीपुर : यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की समस्तीपुर मुख्य शाखा के 51वें स्थापना वर्ष के…
समस्तीपुर : समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र से चार बार सांसद रहे पूर्व सांसद, शिक्षाविद् एवं स्वतंत्रता…
समस्तीपुर : कोहरे की आशंका के चलते रेलवे ने समस्तीपुर रेल मंडल से गुजरने वाली…
समस्तीपुर/कल्याणपुर : रामेश्वर जूट मिल के उपाध्यक्ष पीएन सिंह ने गुरुवार की रात से अगले…