भूमि विवाद के 12 मामलों की सुनवाई, 7 का निष्पादन; समस्तीपुर सदर SDO की अध्यक्षता में हुई सुनवाई
समस्तीपुर : सदर अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में बुधवार को एसडीओ राकेश कुमार की अध्यक्षता में भूमि विवाद से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 12 मामलों को सुनवाई के लिए प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों ने सभी मामलों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं। सुनवाई के दौरान सात मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया, जबकि शेष पांच मामलों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।
एसडीओ ने संबंधित मामलों में दोनों पक्षों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए निष्पक्ष समाधान की दिशा में कार्रवाई की। एसडीओ ने बताया कि अनुमंडल प्रशासन का उद्देश्य भूमि विवादों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निपटारा कर आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत दिलाना है। प्रशासन की ओर से भूमि विवाद से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उनके शीघ्र निष्पादन की पहल की जा रही है।


