समस्तीपुर : मास्टरमाइंड बहू के द्वारा सास को लूटने के बाद ह’त्या की थी साजिश! पांच पन्नों की धमकी भरी पर्ची और तकनीकी साक्ष्य से खुला राज, एक गिरफ्तार

समस्तीपुर/शिवाजीनगर : समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत अखतबारा गांव में 10 सितंबर की रात घर में अकेली रह रही 55 वर्षीय पूनम देवी के साथ मारपीट कर लाखों रुपये के आभूषण और अन्य सामान लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में पीड़िता की बड़ी बहू को मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए सिसई गांव निवासी शिवम कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
सोमवार को शिवाजीनगर थाना परिसर में रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पूनम देवी के लिखित आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की, जिसके बाद पुलिस आरोपितों तक पहुंची।
नकाब पहनकर घर में घुसे थे बदमाश
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे पूनम देवी घर में अकेली टीवी देख रही थीं। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश घर के पीछे स्थित गाछी के रास्ते अंदर दाखिल हुए। दोनों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर पीवीसी पाइप से भी उनकी पिटाई की गयी। आरोप है कि बदमाशों ने पहले पूनम देवी के शरीर पर पहने आभूषण छीने। इसके बाद घर की चाबी लेकर आलमारी खोली और उसमें रखे कीमती सामान लूट लिये। घटना के बाद दोनों छत की ओर गये और पीछे के रास्ते से फरार हो गये।


लूट के बाद हत्या की भी थी कथित योजना
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के अनुसार, गिरफ्तार शिवम कुमार ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए पीड़िता की बड़ी बहू को मुख्य साजिशकर्ता बताया है। पुलिस का दावा है कि लूटपाट के बाद पूनम देवी की गला दबाकर हत्या करने की भी कथित योजना थी। गिरफ्तार आरोपित के अनुसार, घटना से पहले वह अपने साथियों के साथ घर के पीछे गाछी में गया था, जहां नशीले पदार्थ का सेवन किया गया। इसके बाद दो लोग घर में घुसकर वारदात को अंजाम देने पहुंचे। पुलिस के अनुसार, कुत्तों से बचने के लिए बदमाश अपने साथ डंडा भी लेकर गये थे।
सास-बहू के विवाद के बाद साजिश का आरोप
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के बड़े पुत्र की वर्ष 2014 में मनीषा कुमारी से शादी हुई थी। बड़ा पुत्र निजी काम करता था, लेकिन कुछ महीने बाद उसकी नौकरी छूट गयी। इसके बाद सास और बहू के बीच कथित रूप से विवाद रहने लगा। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बाद बड़ी बहू ने अपनी सास के खिलाफ साजिश रचनी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को परिवार और आसपास के कुछ लोगों की संलिप्तता की आशंका हुई। इसी क्रम में सिसई निवासी शिवम कुमार का नाम सामने आया। हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

फरवरी में मिठाई के जरिये जहर देने की कथित कोशिश
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शिवम ने फरवरी में भी पूनम देवी के खिलाफ कथित साजिश की जानकारी दी। आरोप है कि बड़ी बहू ने उसे शिवाजीनगर बुलाकर एक किलो मिठाई खरीदने को कहा था। मिठाई पर कथित रूप से केमिकल का स्प्रे करने के बाद उसे पूनम देवी तक पहुंचाने की बात कही गयी थी। शिवम को मिठाई पर संदेह हुआ। पुलिस के अनुसार, उसने रास्ते में मिठाई का एक टुकड़ा कुत्ते को खिला दिया। कुत्ते की मौत होने के बाद उसने पूरी मिठाई फेंक दी और उसे पीड़िता तक नहीं पहुंचाया।

रुपये का लालच देकर जुटाई जा रही थी घर की जानकारी
थानाध्यक्ष के अनुसार, इसके बाद भी बड़ी बहू ने कथित रूप से व्हाट्सएप कॉल के जरिये शिवम से संपर्क बनाए रखा। पुलिस का दावा है कि रुपये का लालच देकर उसे घर की गतिविधियों की जानकारी दी जाती थी और सास के खिलाफ कार्रवाई के लिए तैयार किया जाता था। पुलिस के अनुसार, बड़ी बहू द्वारा पूनम देवी को जान से खत्म करने की बात भी कही जाती थी। इसी कथित योजना के तहत लूट के बाद हत्या करने की साजिश रची गयी थी।
पांच पन्नों की धमकी भरी पर्ची बनी अहम साक्ष्य
जांच के दौरान घटनास्थल के पास से पांच पन्नों में लिखी धमकी भरी पर्ची भी बरामद हुई। इसमें मुकदमा नहीं उठाने पर पूनम देवी, उनके बेटे और दोनों पोता-पोती को जान से मारने की धमकी दी गयी थी। पुलिस ने पर्ची को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना है। थानाध्यक्ष के अनुसार, घटना के दौरान आरोपितों के ग्लव्स पहनकर आने की योजना थी, ताकि कोई साक्ष्य नहीं छूटे। हालांकि ग्लव्स नहीं मिलने के कारण आरोपित बिना ग्लव्स के ही घर में दाखिल हुए।

पुलिस गतिविधियों की जानकारी देने का भी आरोप
पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जांच के लिए पुलिस के गांव पहुंचने पर भी बड़ी बहू द्वारा कथित रूप से घटना में शामिल बदमाशों को पुलिस की गतिविधियों की जानकारी दी जा रही थी। उन्हें गांव से बाहर चले जाने और मामला शांत होने के बाद लौटने की सलाह देने की बात भी सामने आयी है। रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के पास से लूटे गये सामान और घटना में इस्तेमाल किये गये कई सामान बरामद किये गये हैं।
फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और शेष लूटे गये सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। छापेमारी एवं अनुसंधान टीम में शिवाजीनगर थानाध्यक्ष सह अनुसंधानकर्ता रविंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष पुअनि प्रवीण कुमार, पुअनि मीनू कुमारी, प्रशिक्षु पुअनि नीतीश कुमार तथा थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

