समस्तीपुर समेत अन्य रेलवे स्टेशनों के जलमग्न होने की खबरें भ्रामक, रेलवे ने किया खंडन

समस्तीपुर : सोशल मीडिया पर समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बगहा और बेतिया रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म बाढ़ के पानी में डूबने की वायरल हो रही खबरों को समस्तीपुर रेल मंडल ने पूरी तरह भ्रामक और बेबुनियाद बताया है। रेल प्रशासन ने कहा है कि इन स्टेशनों पर रेल परिचालन और यात्री सुविधाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। रेल प्रशासन के अनुसार पिछले 10-15 दिनों से फेसबुक, एक्स और यूट्यूब समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ वीडियो तेजी से प्रसारित किए जा रहे हैं। इनमें भारी बारिश और बाढ़ के कारण उक्त स्टेशनों के प्लेटफॉर्म जलमग्न होने का दावा किया जा रहा है। रेलवे ने इन दावों को असत्य, निराधार और भ्रामक बताया है।


रेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शिकायत और आपत्ति दर्ज करायी है। साथ ही भ्रामक वीडियो पोस्ट करने और अफवाह फैलाने वाले संदिग्ध प्रोफाइल व व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। रेल मंडल ने यात्रियों और आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित असत्यापित खबरों पर ध्यान नहीं दें और ऐसी सामग्री को साझा भी नहीं करें। फर्जी सामग्री मिलने पर उसे रिपोर्ट करने की भी अपील की गयी है। रेल परिचालन से जुड़ी जानकारी के लिए यात्रियों से केवल आधिकारिक रेलवे स्रोतों पर भरोसा करने को कहा गया है।




