समस्तीपुर : शहर के नक्कू स्थान में बंद घर से छह लाख के जेवर की चोरी, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी

समस्तीपुर : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड संख्या-39 में बंद घर से करीब 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के समय गृहस्वामिनी अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रिश्तेदार के घर गई हुई थी। वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से आभूषण गायब मिले। इस संबंध में अमरजीत कुमार शर्मा की पत्नी आरती कुमारी ने मुफ्फसिल थाना में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
आरती कुमारी 1 सितंबर को अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ चकसिकंदर स्थित रिश्तेदार के घर गई थीं। घर के कमरे में ताला लगा हुआ था। सोमवार की रात परिवार के साथ वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा खुला मिला। अस्त-व्यस्त देखकर परिवार के लोगों को चोरी की आशंका हुई। इसके बाद सामान की जांच की गई तो सोने और चांदी के कई आभूषण गायब मिले। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि चोर करीब चार भर सोने के आभूषण ले गए हैं। इनमें सोने की चेन, जितिया, ढोलना और चकती आदि शामिल हैं। इसके अलावा 22 और 18 भर के चांदी के दो जोड़े पायल भी चोरी होने की बात कही गई है।


पीड़िता ने सभी आभूषणों नगद समेत अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बतायी है। आरती कुमारी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि चोरी की जानकारी मिलने के बाद उसने अपने देवर और देवरानी से इस संबंध में पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान दोनों गाली-गलौज करने लगे और मारपीट करने पर उतारू हो गए। इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर चोरी और विवाद को लेकर पुलिस से शिकायत की। मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की। पीड़िता के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




