समस्तीपुर : शहीद रामफल मंडल की स्मृति में डाक टिकट जारी होने पर जताया PM मोदी का आभार

समस्तीपुर : स्वतंत्रता सेनानी रामफल मंडल की स्मृति में डाक टिकट जारी किए जाने पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। इसको लेकर शनिवार को शहर के एक विवाह भवन में रालोमो की ओर से श्रद्धांजलि सह आभार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रामफल मंडल के योगदान को याद करते हुए उनके सम्मान में डाक टिकट जारी किए जाने को महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
कार्यक्रम में महान समाजवादी नेता जगदेव प्रसाद के शहादत दिवस और शिक्षक दिवस के अवसर पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर भी उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष निशांत कुशवाहा ने की, जबकि संचालन प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार ने किया। मौके पर प्रदेश सचिव अनिता कुमारी, उजियारपुर प्रखंड अध्यक्ष कमलेश कुशवाहा, मुकेश कुमार सिंह, अरुण कुमार, संतोष कुमार पप्पू, कृष्णदेव महतो, विनोद प्रसाद सिंह, जिला महासचिव रंजय कुमार, मिथुन पासवान, विजय कुमार कुशवाहा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अंग्रेजों से लोहा लेते हुए शहीद हुए थे रामफल मंडल, 19 साल की उम्र में देश के लिए दी जान :
1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान जब अंग्रेजी हुकूमत के अफसरों और पुलिस बल की ओर से स्थानीय जनता पर अत्याचार और फायरिंग की जा रही थी, तब रामफल मंडल ने वीरता दिखाते हुए ब्रिटिश अधिकारियों से सीधे लोहा लिया था। गिरफ्तारी के बाद भागलपुर जेल में उन पर मुकदमा चला। कोर्ट में वकील द्वारा गुनाह न कबूलने की सलाह देने के बावजूद उन्होंने पूरी निडरता के साथ सत्य को स्वीकार किया और 23 अगस्त 1943 को मात्र 19 वर्ष की आयु में हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया था।




