दहेज के लिए विवाहिता की ह’त्या का आरोप, मायके वालों के पहुंचने से पहले किया दाह-संस्कार

समस्तीपुर/सरायरंजन : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्रपुर वार्ड-3 में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव का अंतिम संस्कार कर दिए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर ऐलोथ निवासी अमरेश कुमार पासवान की बहन शिव कुमारी देवी के रूप में हुई है। मामले में मृतका के भाई ने पति, सास, दो भैंसुर और गोतनी को नामजद करते हुए सरायरंजन थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपितों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
दर्ज प्राथमिकी में मृतका के भाई ने बताया है कि शिव कुमारी देवी की शादी वर्ष 2016 में रामचंद्रपुर निवासी विभिषण पासवान के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के समय मायके वालों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार 1.51 लाख रुपये नगद और करीब 50 हजार रुपये मूल्य के आभूषण दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त रुपये की मांग को लेकर शिव कुमारी को लगातार प्रताड़ित करते थे।


अमरेश कुमार पासवान के अनुसार, 3 सितंबर की शाम करीब आठ बजे शिव कुमारी के पति ने फोन कर सूचना दी कि उसकी मौत हो गई है। फोन पर यह भी बताया गया कि वे लोग शव का अंतिम संस्कार करने बेगूसराय जिले के सिमरिया घाट पहुंच चुके हैं। सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग सिमरिया घाट पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपितों ने शव का दाह संस्कार कर दिया था। पीड़ित पक्ष ने इसे साक्ष्य मिटाने की साजिश बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

दो बच्चों को छोड़ गई मृतका :
मृतका अपने पीछे एक पुत्री और एक पुत्र छोड़ गई है। घटना के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर मायके पक्ष में आक्रोश है। सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि मृतका के भाई का लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सभी बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



