मुख्यमंत्री से मिलकर MLC डॉ. तरुण कुमार चौधरी ने समस्तीपुर के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का रखा प्रस्ताव
समस्तीपुर : एमएलसी डॉ. तरुण कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात कर समस्तीपुर जिले के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को लेकर मांग रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष पांच प्रमुख विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का आग्रह किया। डॉ. तरुण कुमार ने नगर निगम क्षेत्र में रिंग रोड के निर्माण, 600 सीट वाले अटल कला भवन के लिए स्वीकृत राशि जारी करने, जितवारपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड मैदान में राज्य स्तरीय खेल प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना एवं निर्माण की मांग रखी।
इसके अलावा जितवारपुर कोठी से अंगारघाट तक बांध पर जल संसाधन विभाग की सड़क के चौड़ीकरण तथा समस्तीपुर के सब्जी उत्पादक किसानों के लिए भेज फेड (कोल्ड स्टोरेज) की स्थापना का भी प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर जिला बिहार में सब्जी उत्पादन के प्रमुख केंद्रों में शामिल है। ऐसे में किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज की सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें अपनी उपज के भंडारण में काफी सहूलियत मिलेगी और उचित मूल्य प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी। मुलाकात के दौरान सीएम ने अटल कला भवन के संबंध में कहा कि उसका शिलान्यास यथाशीघ्र किया जाएगा। वहीं, अन्य विकास योजनाओं पर भी उन्होंने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।


