समस्तीपुर जिले के इन 9 CHC में खुलेंगे ब्लड सेंटर, सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक और रेडक्रास पर निर्भरता होगी कम

समस्तीपुर : ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब रक्त की जरूरत पड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल या बड़े अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। जिले के नौ सीएचसी में ब्लड सेंटर खोले जाएंगे। इन केंद्रों के शुरू होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था हो सकेगी। स्वास्थ्य विभाग की योजना के अनुसार जिले के बिथान, सरायरंजन, कल्याणपुर, मोहनपुर, विभूतिपुर, खानपुर, मोहिउद्दीननगर, मोरवा और विद्यापतिनगर प्रखंड में ब्लड सेंटर खोले जाने हैं। इन केंद्रों के संचालन के बाद संबंधित प्रखंड क्षेत्र के मरीजों को रक्त के लिए जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल तक आने की आवश्यकता काफी कम हो जाएगी।
ब्लड सेंटर शुरू होने के बाद मरीजों की सुविधा के लिए रक्त का नमूना स्थानीय स्तर पर ही लिया जाएगा। जरूरत के अनुसार संबंधित ब्लड सेंटर से मरीज को रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे आपात स्थिति में मरीजों और उनके परिजनों को समय और पैसे दोनों की बचत होगी। खासकर प्रसव, दुर्घटना, ऑपरेशन और गंभीर बीमारी के मामलों में यह व्यवस्था ग्रामीण आबादी के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है। वर्तमान में जिले में रक्त उपलब्ध कराने के लिए सीमित संसाधन हैं।


जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल के ब्लड बैंक के अलावा रेडक्रॉस सोसाइटी का ब्लड बैंक संचालित है। इसके अतिरिक्त मोहनपुर में एक निजी ब्लड बैंक भी संचालित है। जिले के ग्रामीण इलाकों से इन केंद्रों तक पहुंचने में मरीजों और उनके परिजनों को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है। रक्त की तत्काल जरूरत पड़ने पर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचना पड़ता है। कई मामलों में दूरी, वाहन की उपलब्धता और समय की कमी के कारण परेशानी और बढ़ जाती है। ऐसे में प्रखंड स्तर पर ब्लड सेंटर खुलने से ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

नौ प्रखंडों के मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ :
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से जिले के नौ प्रखंडों के लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलने की उम्मीद है। अभी तक रक्त की जरूरत होने पर मरीजों को सदर अस्पताल या अन्य बड़े स्वास्थ्य संस्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है। ब्लड सेंटर शुरू होने के बाद संबंधित प्रखंड के स्वास्थ्य केंद्र से ही रक्त संबंधी सुविधा मिलने लगेगी। इससे मरीजों को लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी। साथ ही, स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों पर रक्त की उपलब्धता रहने से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार शुरू करने में भी मदद मिलेगी।
समस्तीपुर जिले के नौ CHC में खुलेंगे ब्लड सेंटर, सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक और रेडक्रास पर निर्भरता होगी कम
आपात मरीजों को समय पर मिल सकेगी सुविधा, गांव के मरीजों को अब CHC में ही मिलेगा रक्त, स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा
जिले के बिथान, सरायरंजन, कल्याणपुर, मोहनपुर,… pic.twitter.com/VHCA3i3lKd
— Samastipur Town (@samastipurtown) August 29, 2026
सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत जिले के नौ प्रखंडों में ब्लड सेंटर खोला जाना है। इनमें बिथान, सरायरंजन, कल्याणपुर, मोहनपुर, विभूतिपुर, खानपुर, मोहिउद्दीननगर, मोरवा और विद्यापतिनगर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रों के शुरू होने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर रक्त संबंधी सुविधा उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी। प्रखंड स्तर पर ब्लड सेंटर शुरू होने से सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक और रेडक्रास पर भी दबाव कम होने की उम्मीद है। अभी जिले के विभिन्न हिस्सों से रक्त की जरूरत वाले मरीज सदर अस्पताल पहुंचते हैं। नौ प्रखंडों में स्थानीय स्तर पर सुविधा विकसित होने के बाद मरीजों को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से ही आवश्यक सुविधा मिल सकेगी। इससे जिला मुख्यालय की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दबाव कम होगा।

बयान :
जिले के नौ सीएचसी में ब्लड सेंटर खोले जाने हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही रक्त की सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे मरीजों को रक्त के लिए सदर अस्पताल आने की परेशानी कम होगी और जरूरतमंदों को समय पर सुविधा मिल सकेगी।
डॉ. राजीव कुमार, सिविल सर्जन, समस्तीपुर



