चौकीदार को धक्का देकर कल्याणपुर थाना परिसर से फरार हुआ चोरी का संदिग्ध आरोपी, शौचालय जाने की बात कहकर भागा

समस्तीपुर/कल्याणपुर : समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर टारा गांव में सेवानिवृत्त शिक्षक बैजनाथ सिंह के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस कस्टडी में लिया गया एक नाबालिग किशोर थाना परिसर से फरार हो गया। पूछताछ के दौरान शौचालय जाने की बात कहकर बाहर निकला और चौकीदार को धक्का देकर भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस फरार किशोर की तलाश में जुटी है।
चौकीदार को धक्का देकर कल्याणपुर थाना परिसर से फरार हुआ चोरी का नाबालिग आरोपी, शौचालय जाने की बात कहकर भागा
पुलिस ने कुछ ही घंटों पहले प्रेस कांफ्रेंस कर गिरफ्तारी की दी थी सूचना, घटना के बाद पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, फरार किशोर की तलाश में जुटी पुलिस
मधुरापुर टारा गांव में गत… pic.twitter.com/SAF7nKGI5h
— Samastipur Town (@samastipurtown) August 29, 2026
बताया गया है कि मधुरापुर टारा गांव में गत मंगलवार की रात सेवानिवृत्त शिक्षक बैजनाथ सिंह के घर चोरी की वारदात हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कल्याणपुर पुलिस ने थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू की। चोरी की घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस ने संदेह के आधार पर एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था।


इसी दौरान गिरफ्तार हुए नाबालिग किशोर ने शौचालय जाने की बात कही। चौकीदार उसे थाना परिसर से बाहर ले जा रहा था। इसी दौरान किशोर ने चौकीदार को धक्का दिया और मौका पाकर फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से थाना परिसर में अफरातफरी मच गई। बताया गया है कि कुछ घंटों पहले ही सभी गिरफ्तार आरोपितों के साथ पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस कर घटना का उद्भेदन किया था। थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत ने नाबालिग के फरार होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि किशोर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

इसी दौरान वह चौकीदार को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इसको लेकर भी अलग से मामला दर्ज किया जाएगा। वहीं, हिरासत में लिए गए अन्य तीन संदिग्धों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना के संबंध में जल्द ही अहम जानकारी सामने आने की उम्मीद है। मामले में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




