समस्तीपुर में जीविका सुधा बिक्री केंद्र शुरू, महिलाओं को मिलेगा उत्पादों का बाजार
समस्तीपुर : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ गुरुवार को डीएम रोशन कुशवाहा की उपस्थिति में किया गया। केंद्र का उद्देश्य जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और उनकी आय में वृद्धि करना है। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की बिक्री के लिए ऐसे केंद्र महत्वपूर्ण साबित होंगे। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा और महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए स्थायी माध्यम उपलब्ध होगा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों और जीविका कर्मियों को बिक्री केंद्र पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और विपणन पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके। कार्यक्रम में जीविका से जुड़ी महिलाओं और लाभुकों को महिला रोजगार एवं आजीविका संवर्धन से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी गई। मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जीविका कर्मी, जीविका समूहों से जुड़ी महिलाएं और लाभुक मौजूद थे।


