बंद घर से चोरी मामले में आभूषण के साथ तीन गिरफ्तार, चोरी का सामान खरीदने वाले स्वर्णकार को पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ा

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुसापुर गांव में किराये के मकान में दो दिनों पहले हुए चोरी की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में थाना क्षेत्र के दुधपुरा निवासी अभिषेक कुमार, विकास कुमार और सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी के 38.92 ग्राम सोने के आभूषण, 149.59 ग्राम चांदी, 30 हजार रुपये नगद और घटना के दिन पहने गए दो सेट कपड़े बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार बीते 21 अगस्त को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मुसापुर में कल्याणपुर के सोरमार पैक्स अध्यक्ष ब्रजेश रौशन के किराये के मकान में अज्ञात चोरों ने ग्रील का ताला तोड़कर प्रवेश किया था। इसके बाद गोदरेज का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और 2.40 लाख रुपये नगद चोरी कर लिए गए थे।
घटना के संबंध में मुफ्फसिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर अभिषेक कुमार के घर से 35.600 ग्राम सोने के आभूषण और घटना के दिन पहने गए कपड़े बरामद किए गए। वहीं, विकास कुमार के घर से 30 हजार रुपये नगद और घटना के समय पहना गया कपड़ा मिला।


पुलिस ने गुदरी बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान से 149.59 ग्राम चांदी और मेल्टिंग किया हुआ 3.320 ग्राम सोना भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद सामान चोरी की घटना से संबंधित है। हालांकि सामान खरीदने वाले स्वर्णकार को पूछताछ के बाद पुलिस ने पीआर बांड पर छोड़ दिया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया गिरफ्तार तीनों आरोपित पेशेवर अपराधी हैं। उनके पूर्व के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। पुलिस चोरी किये गए शेष रुपये और आभूषणों की बरामदगी के साथ ही घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। चोरी का सामान खरीदने वाले स्वर्णकार को पूछताछ के बाद पीआर बांड पर छोड़ दिया गया है।





